बिजनौर। हल्दौर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू, चोरी की वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हल्दौर क्षेत्र में शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी कुंडा नहर की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र शरीफ निवासी भोजपुर, गाजियाबाद (घायल), कार्तिक शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी लतीफपुर तिबड़ा, मोदीनगर, गाजियाबाद तथा अतुल त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी निवासी मंडोला, ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने 2 नवंबर 2026 को हल्दौर क्षेत्र में शराब की दो दुकानों के शटर काटकर चोरी करने की घटना स्वीकार की। इस संबंध में थाना हल्दौर में मुकदमा संख्या 294/2026 और 295/2026 दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपियों ने नजीबाबाद क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अन्य राज्यों में भी चोरी की वारदातें करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दुकानों से संबंधित करीब 30 हजार रुपये नकद, दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू, शटर काटने के उपकरण तथा सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। आस मोहम्मद उर्फ आशु के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 मुकदमे, कार्तिक शर्मा के खिलाफ तीन मुकदमे तथा अतुल त्यागी के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
थानाध्यक्ष शेर सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष शेर सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक गुरुवरण सिंह, उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह सहित सर्विलांस और थाना हल्दौर पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
| पाठक संख्या |
PageHits
