नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम लुकादड़ी में विवाह के ढाई माह के भीतर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार महाराष्ट्र के पुणे स्थित शांति नगर निवासी शहनाज खलील शेख ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री गुलनाज खलील शेख का निकाह 21 अप्रैल 2026 को ग्राम लुकादड़ी निवासी मो. आसिफ पुत्र मो. यामीन के साथ किया था। विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार जेवर, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, बिजली का सामान तथा दो लाख रुपये नकद दिए थे।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मो. आसिफ, ससुर मो. यामीन, जेठ मो. जावेद, ननद शाहना, शाइस्ता तथा शबाना अतिरिक्त दहेज में कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर गुलनाज के साथ लगातार मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। इतना ही नहीं, उसे मायके वालों से बातचीत करने तक नहीं दी जाती थी।
प्रार्थिनी का आरोप है कि 6 जुलाई 2026 को सभी आरोपियों ने गुलनाज के साथ मारपीट करने के बाद उसे कथित रूप से जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। शहनाज का कहना है कि जब भी वह और उनके पति अपनी बेटी से मिलने जाते थे, वह ससुराल में हो रहे अत्याचारों की जानकारी देती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों का दुर्व्यवहार उनके सामने भी होता था।
घटना के बाद मृतका की मां ने थाना नजीबाबाद में पति समेत छह लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह न केवल कानून का गंभीर उल्लंघन होगा, बल्कि समाज के लिए भी चिंता का विषय है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष ढंग से की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
| पाठक संख्या |
Free Counter
