बढ़ापुर । बीते दो दिनों से मैदानी सहित पहाड़ी इलाको में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण इलाके की नदियां उफान पर आ गई। ज़िस कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया वहीं ऊनी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी का पानी बांसोंवाला में नगीना बढ़ापुर मार्ग पर आने से आवागमन प्रभावित हो गया। काफी समय बाद पानी का जलस्तर कम होने पर आवागमन सुचारू हो पाया। नदियों का जलस्तर बढ़ने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय नदियों का जायजा लिया गया। जिसमें पहाड़ा नदी का जलस्तर अधिक मिला। इसके अतिरिक्त बारिश के कारण परेशानी झेल रहे लोगो की मदद के लिये राजस्व विभाग की टीम हर सम्भव मदद करती नजर आई है।
मौसम के मिजाज बदलने के साथ ही सोमवार को मैदानी इलाकों सहित पहाड़ी इलाको में शुरू हुई मूसलाधार वर्षा ने जहाँ एक और जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया। वहीं दूसरी ओर मूसलाधार बारिश के कारण नदी नाले उफान पर आ गए। बताया जाता है कि सवेरे से ही नकटा नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ने से आवगमन प्रभावित हो गया जिसके चलते हुए स्कूली बच्चों को समयानुसार स्कूल पहुचना असम्भव हो गया। नकटा नदी के साथ गुला नदी व पहाड़ा नदी का जलस्तर भी समय के साथ साथ बढ़ता चला गया। जिस कारण नदी किनारे रहने वालों लोगों को पानी ने परेशानी में डाल दिया वहीं आबादी में पानी घुस जाने से मोहल्ला ठाकुरान,मछली बाजार व सतीयान में भी लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीनों नदियों का संगम होकर बनी ऊनी नदी ने मंगलवार को अपना रौद्र रूप दिखाते हुए सवेरे से गांव बांसोंवाला के ग्रामीणों की नींद में खलल डालते हुए नगीना बढ़ापुर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित कर दी। नगीना बढ़ापुर मार्ग पर ऊनी नदी का पानी आ जाने के कारण प्रशासन में हड़कंप मच गया। नदियों के रौद्र रूप की सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी नगीना प्रिंस कुमार अपने लाव लश्कर के साथ बढ़ापुर सहित प्रभावित इलाकों में पहुच गये। जहाँ पहुचने पर उन्होंने सर्वप्रथम नकटा नदी व गुला नदी का जल्स्तर चेक किया तो औसतन सही पाया गया जबकि पहाड़ा नदी का जलस्तर अधिक मिलने पर राहगीरों को नदी के किनारे रोकने के लिये कहा गया। तीनों नदियों का जायजा लेने के बाद उपजिलाधिकारी नगीना प्रिंस कुमार अपनी टीम के साथ इलाके के नगला लद्दा व नगीना तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कादर गंज मतवाली सहित अन्य इलाकों में भृमण के लिये निकल पड़े। पूरे तहसील क्षेत्र में नदियों का पानी सामान्य होने तक उपजिलाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर ही डटे हुए नजर आए। बताते चले नदियो का जलस्तर कम होने पर तथा किसी प्रकार की कोई जनहानि न होने पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राहत की सांस ली गई। उपजिलाधिकारी नगीना द्वारा नदियों के उफनने के कारण इलाके में प्रभावित लोगो की हर सम्भव मदद के लिये राजस्व विभाग की टीमों को इलाके में तैनात किया हुआ है। इस दौरान उनके साथ राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार, कमल कुमार शर्मा,लेखपाल रजनीश कुमार,मुनासिर आदि लोग टीम में शामिल रहे।
| पाठक संख्या |
PageHits
