किरतपुर । लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार को कस्बे के मोहल्ला अंसारियान में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। बारिश के पानी के तेज बहाव में 11 वर्षीय मासूम नाले में बह गया। करीब 400 मीटर दूर उसे नाले से बाहर निकाला गया, और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला अंसारियान निवासी अफजाल का 11 वर्षीय पुत्र हम्माद शनिवार दोपहर करीब 11:30 बजे अंसारियान इंटर कॉलेज के गेट के पास अन्य बच्चों के साथ बारिश में नहा रहा था। इसी दौरान उसकी चप्पल पानी के तेज बहाव में बह गई। बताया जा रहा है कि हम्माद अपनी चप्पल पकड़ने के प्रयास में नाले के पास पहुंचा, तभी बारिश के पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर वह बह गया और आगे जाकर करीब पांच फुट गहरे नाले में जा गिरा।
बच्चे के नाले में बहने की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नाले में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद करीब 400 मीटर दूर हम्माद को नाले से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल, किरतपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बिजनौर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी गम का माहौल है। बारिश के पानी के तेज बहाव और खुले/गहरे नालों ने एक बार फिर जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अभी कुछ समय पहले ही मंडावर रोड पर मालन नदी में हुए हादसे की यादें लोगों के दिमाग से पूरी तरह मिट भी नहीं पाई थीं कि बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसे ने कस्बे को झकझोर कर रख दिया। लगातार बारिश के दौरान खुले नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल कानून-व्यवस्था सामान्य है। परिजनों ने बच्चे के शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
| पाठक संख्या |
Visits
