शेरकोट । विदेश में नौकरी दिलाने और मोटी तनख्वाह का लालच देकर एक मजदूर से 90 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो युवकों पर धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक बिजनौर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला शेखान निवासी शमशाद पुत्र इरशाद फर्नीचर पॉलिश का काम करता है और किराये के मकान में रहता है। पीड़ित के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व मोहल्ला नई सराय निवासी सबील और दानिश ने उसे कतर में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि दोनों ने कतर में 70 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने की बात कही और टिकट व वीजा के नाम पर 90 हजार रुपये मांगे।
शमशाद का कहना है कि उसने 40 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से दोनों युवकों को दे दिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद उसे मुंबई बुलाया गया, जहां कतर में नौकरी के बजाय दुबई जाने के लिए 60 दिन के टूरिस्ट वीजा से संबंधित कागजात थमा दिए गए।
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने इस पर आपत्ति जताते हुए कतर की कंपनी में नौकरी दिलाने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसके 90 हजार रुपये वापस करने से भी इनकार कर दिया।
पीड़ित ने 6 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक बिजनौर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने, आरोपियों से रकम वापस दिलाने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
| पाठक संख्या |
Visits
