धामपुर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा में खून के रिश्ते का कत्ल होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के मुताबिक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गला घोटकर हत्या कर दी। मृतक का शव उसके कमरे में ही पड़ा हुआ मिला। आरोपी मौके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया, लेकिन बाद में सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना की बाबत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ अजय कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपी को हिरासत लेकर घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं सूचना पाकर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा (मनिहारी सराय) निवासी मोनू सैनी 25 वर्ष पुत्र नरेश सैनी की उसके बड़े भाई रवि कुमार से किसी बात को लेकर शुक्रवार की देर रात को कहासुनी हुई और विवाद खड़ा हो गया। इसी बात को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई सोनू की गला घोटकर हत्या कर दी। मृतक की बड़ी बहन आरती देवी ने बताया कि मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। पुश्तैनी घर में उसका बड़ा भाई रवि कुमार सैनी दूसरी मंजिल पर और मोनू सैनी ग्राउंड फ्लोर पर रहता था। मोनू अविवाहित था और उसके साथ उसके दो छोटे भाई भी उसी कमरे में रहते हैं। मोनू दाहिने पैर से पोलियो से ग्रस्त था और वह घर पर ही कपड़ों की सिलाई का काम करता था। जबकि आरोपी रवि कुमार हलवाई का काम करता है। उसने बताया कि शुक्रवार की देर रात को दोनों भाईयों के बीच किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। उसका आरोप है रवि ने अपने छोटे भाई मोनू को गला घोटकर मौत के घाट उतार दिया। उन्हें घटना का पता शनिवार की सुबह लगा। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों भाइयों के बीच आपस में बनती नहीं थी
धामपुर। मृतक की मौसी ममता देवी ने बताया कि दोनों भाइयों में आपस में बनती नहीं थी। उनके साथ उनके चाचा छोटे सिंह भी रहते हैं। आरोप है कि उन्होंने छोटे सिंह को दुखी कर रखा है। छोटे सिंह भी अविवाहित बताए गए हैं। वह कलह की वजह से उनके पास रहना पसंद नहीं करते और छोटे सिंह अपना इधर-उधर रहकर जीवन बिता रहे हैं। बताया गया कि मृतक मोनू के अन्य तीन भाइयों में सोनू अहमदाबाद में काम करता है, जबकि राहुल और चिंटू भी बाहर रहकर मेहनत मजदूरी का कार्य करते हैं। आरोपी रवि के कोई संतान नहीं है। उसने 5 साल पहले एक पुत्री को गोद लिया है, जो लगभग 5 वर्ष की है।
मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर
धामपुर। मृतक की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई गई है। एक छोटे से मकान में पूरा परिवार निवास करता है। मृतक के गले और सीने पर चोट के निशान देखे गए हैं। हालांकि पुलिस इस बात से इनकार कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडेय का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है, बल्कि उसके भाई ने उसको कपड़े से गला घोटकर मौत के घाट उतारा है। घटना से पहले जब मृतक ने शराब का सेवन करके घर पहुंचा तो उसके इधर-उधर खरोच के निशान लग गए होंगे।
पांच भाई और चार बहनों में चौथे नंबर का था मृतक मोनू
धामपुर। मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा निवासी स्वर्गीय नरेश कुमार सैनी के पांच पुत्र और चार बेटियां हैं। सभी बेटियों की शादी हो गई है, जो अपनी ससुराल में रहती हैं। घर में ग्राउंड फ्लोर पर मृतक मोनू और उसके दो छोटे भाई रहते थे, जबकि आरोपी रवि कुमार दो मंजिल पर बने कमरे में अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ निवास करता है। उनके माता-पिता की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। मृतक मोनू की बड़ी बहन आरती देवी ने बताया कि मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। पुश्तैनी घर में उसका बड़ा भाई रवि सैनी दूसरी मंजिल पर और मोनू सैनी ग्राउंड फ्लोर पर रहता था।
मोनू की गला घोटकर की गई हत्या : सीओ
धामपुर। पुलिस क्षेत्रधिकारी अभय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी रवि कुमार से पूछताछ में बताया मृतक मोनू शराब का सेवन करके जब घर पहुंचा, तो उसके बड़े भाई रवि कुमार से गाली गलौज करने लगा, जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। बस इसी आवेश में रवि ने कंबल से मोनू का गला दबा दिया। जिसमें गला घुटने पर मोनू की मौत हो गई। मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
| पाठक संख्या |
