नहटौर । पर्यावरण को बचाये रखने के लिए सरकार हर वर्ष करोड़ों पौधे वन विभाग की मदद से लगवाती है। इस मुहिम के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए भी करोड़ों रुपये का खर्च करती है। तथा स्कूलों, कालेजों में रैलियों का आयोजन करके लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया जाता है। तथा वन विभाग द्वारा करोड़ों रुपए का प्लांटेशन किया जाता है, बावजूद इसके सड़कों के किनारे पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई पर वन विभाग रोक नही लगा पा रहा है । लकड़ी चोर गिरोह वृक्ष काटने में सक्रिय हैं, लेकिन विभाग इन पर नकेल कसने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है। विभाग की ऐसी सुस्ती पर्यावरण के लिए खतरा बनती जा रही है, यह लकड़ी माफिया लगातार पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं । शुक्रवार की प्रातः गांव कादीपुरा निवासी एक किसान ने गांव में सड़क किनारे खड़े शीशम के सरकारी पेड़ लकड़ी माफियाओं से मिलकर काट डाले । मामले की जानकारी ग्रामीणों द्वारा वन विभाग और पुलिस को दी गई । वन विभाग की टीम और पुलिस के पहुंचने से पहले ही लकड़ी माफिया काटे गए पेड़ों की लकड़ी लेकर फरार हो गए । वहीं लेखपाल तेजपाल सिंह से थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि बृजेश सैनी पुत्र घासीराम सिंह निवासी गांव कादीपुरा व नहटौर निवासी तीन लकड़ी ठेकेदार बाबू, परवेज व अनवार ने सीसी रोड में खड़े दो शीशम के सरकारी पेड़ काट लिए। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच कर कार्यवाही करने की बात कही है ।दूसरी ओर धामपुर वन रेंजर शशांक गुप्ता का कहना है कि काटे गए शीशम के पेड़ ग्राम समाज भूमि पर खड़े थे, आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है । वहीं डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि गांव कादीपुरा निवासी बृजेश सैनी व नहटौर निवासी लकड़ी ठेकेदार परवेज व अनवार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है लकड़ी खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।
वही इस संबंध में जब खेत स्वामी बृजेश सैनी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह पेड़ मेरे खेत की मेढ़ पर खड़े थे ,जब देवता पर जाने वाले रास्ते पर सीसी रोड का निर्माण हो रहा था तो मैंने ग्रामीणों के कहने पर सड़क को अपने खेत की और बढ़वा लिया था जिससे दोनों शीशम के पेड़ सड़क में आ गए थे । उन्होंने बताया कि करीब दो माह पूर्व उन्होंने वह पेड़ ठेकेदार को 10 हजार रुपए में बेच दिए थे । जिन्हें शुक्रवार को ठेकेदार उन्हें बिना बताए किसी समय काट कर ले गए ।
पर्यावरण प्रेमियों का आरोप : वृक्षों की रक्षा के लिए विभाग गंभीर नहीं
पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की सुरक्षा के प्रति विभाग गंभीर नहीं है। विभाग की सुस्ती से लकड़ी चोर गिरोह लगातार सक्रिय है। लकड़ी चोर सड़क किनारे खड़े वृक्षों को काट रहे हैं । वृक्षों को जड़ों के पास से काटा जा रहा है, जिससे इनकी लकड़ी को बेचकर ऐसे गिरोह मोटी कमाई कर रहे हैं, जबकि विभाग हर वर्ष अधिक से अधिक पेड़ लगाने की दुहाई देता है। विभाग को इन वृक्षों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
| पाठक संख्या |
