बिजनौर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति किरण पाल कश्यप ने बिलाई चीनी मिल बिजनौर द्वारा किसानो का विगत पैराई सत्र 2024-25 के गन्ना मूल्य का पूर्ण भुगतान अभी तक न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि यदि 15 दिन के अंदर किसानों उनके गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत रूप से भुगतान नहीं किया जाता है तो मिल के विरुद्ध आरसी की कार्यवाही जारी कर किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कराए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में मानव गुलदार संघर्ष को न्यूनतम स्तर पर लाने का प्रयास करें और यह भी प्रयास करें कि कोई जन हानि न होने पाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का 15 दिन के भीतर लिखित जवाब दे और कृत कार्यवाही से उनको अनिवार्य रूप से अवगत भी कराएं। किरण पाल कश्यप मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला बिजनौर एवं अमरोहा के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। बैठक में सभापति ने जिलाधिकारी बिजनौर द्वारा नियमानुसार सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने की प्रशंसा की। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को समिति के उद्देश्यों की जानकारी देकर निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों पर जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर समय से कार्यवाही करते हुए लिखित में जानकारी दे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी के उत्तरदायित्व निर्धारित है जिस पर सभी के द्वारा कार्य किया जाता है, सभी अधिकारी अपने निर्धारित उत्तरदायित्वों को पूर्ण गुणवत्ता एवं ससमय से पूर्ण करें ताकि लोगो को राहत मिल सके। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों को वर्तमान पराई प्रक्रिय के अंतर्गत गन्ना में लेकर भुगतान शत प्रतिशत रूप से 15 दिन के भीतर कराएं ताकि आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े और वे अपनी आवश्यकताओं को समय पूर्वक पूरा कर सकें। बैठक से पूर्व जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा तथा अपर जिलाधिकारी वि/रा वान्या सिंह द्वारा समिति के सभापति एवं समिति के सदस्य गणों को बुके देकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा ओडीओपी नगीना के काष्ठ कला उत्पाद घड़ी तथा राष्ट्रीय आजीविका मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित विदुर ब्रांड सामग्री की किट भेंट की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अमरोहा निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद, मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा अश्वनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमरोहा गरिमा सिंह ने भी सभापति एवं सदस्य गणों को बुके देकर व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया एवं अमरोहा में उत्पादित सामग्री पर आधारित किट भेंट की गई। बैठक में सभापति द्वारा ग्राम्य विकास, नगर विकास, सिंचाई, बेसिक शिक्षा, विकास, राजस्व, चिकित्सा व स्वास्थ्य सेवा, खाद्य एवं रसद, गृह, ऊर्जा, आबकारी, सांस्कृतिक, पर्यटन, होमगार्ड, पर्यावरण, पंचायती राज, लोक निर्माण, डूडा, प्राविधिक एवं माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यापार कर, गन्ना, ग्रामीण अभियन्त्रण, आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक, चीनी, विद्युत सुरक्षा, कारागार, भूतत्व एवं खनिजकर्म, दुग्ध विकास, सहकारिता, समाज कल्याण, आयुष, पशुपालन विभाग से संबंधित जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों, जिला स्तर पर अनुमन्य प्रोटोकाल एवं सुविधा तथा सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर/जिला सूचना अधिकारी हर्ष चावला, सभी उप जिलाधिकारी सहित बिजनौर एवं अमरोहा जिलों के संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
| पाठक संख्या |
