बिजनौर पुलिस ने न्यायाधीश बनकर एचडीएफसी बैंक से लाखों रुपए का लोन लेने वाली महिला व उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।
शुक्रवार को एक महिला आयशा परवीन 28 वर्ष पत्नी मौ० सुलेमान, निवासी ग्राम दधेरु कला, थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर अपने साथी अनस पुत्र बाबू अहसान निवासी ग्राम किशनबास थाना मण्डावर जनपद बिजनौर कार संख्या यूपी 12 बीडब्ल्यू 1458 में सवार चालक नीरज कुमार पुत्र स्व० रामकुमार निवासी रोशनबाद, सिविल लाइन, जनपद रामपुर के साथ एचडीएफसी बैंक, सिविल लाइन, बिजनौर में पहुँची । तथा आयशा ने स्वयं को न्यायिक अधिकारी बताते हुए पहचान-पत्र दिखाया और 35,00,000 रुपये ऋण संबंधी कागजात प्रस्तुत किए। बैंक कर्मियों को शक होने पर उन्होंने तुरन्त स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मय साईबर टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँची और उपरोक्त तीनों व्यक्तियों को पूछताछ हेतु थाना कोतवाली शहर पर लाया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन पर भी "न्यायाधीश" लिखा था। इस संबंध में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया था । पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित अभियुक्तगण आयशा परवीन व अनस को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया ।पूछताछ के दौरान आयशा परवीन ने बताया कि उसने और अनस ने लिब्रा कॉलेज, डूगा जनपद देहरादून (उत्तराखंड) से एलएलबी की थी तथा वह पीसीएस (जूडिशियल) की तैयारी कर रही थी। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अभियुक्ता ने अपने परिवार को यह झूठ बताकर भ्रमित किया कि उसका चयन जज के पद पर हो गया है और इस झूठी बात को पूरे गांव में फैला दिया। इसके उपरांत अभियुक्ता अपने मित्र शहनवाज के साथ रामपुर में किराये पर कमरा लेकर रहने लगीतथा अपने भाई की कार पर "न्यायाधीश" लिखवा लिया। अभियुक्ता द्वारा स्वयं को जज बताकर लोगों से धनराशि प्राप्त की जाने लगी, जिससे वह एवं उसके साथी विलासितापूर्ण जीवन व्यतीत करने लगे। आगे चलकर अभियुक्ता ने अनस और शहनवाज के साथ मिलकर बैंक से लोन प्राप्त करने की योजना बनाई और इस उद्देश्य से अभियुक्ता के नाम से फर्जी जज आईडी कार्ड, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट एवं फार्म-16 आदि कागजात तैयार कराए, इसके बाद अभियुक्ता और अनस फर्जी दस्तावेजों सहित बैंक पहुँचे और स्वयं को "अपर सिविल जज आयशा परवीन" बताते हुए लोन स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया था । गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे निरीक्षक अपराध धीरेन्द्र गंगवार ,उप निरीक्षक सतेन्द्र मलिक,महिला उप निरीक्षक ममता,कांस्टेबल निर्मल, मंजीत,महिला कांस्टेबल नीलम,हैड कांस्टेबल विवेक तोमर साईबर सैल टीम जितेन्द्र साईबर सैल टीम ,कांस्टेबल जैनुल मलिक साईबर सैल टीम , गरिमा साईबर सैल टीम आदि शामिल रहे ।
| पाठक संख्या |
