कीटनाशकों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 29 प्रतिष्ठानों पर छापे, 11 नमूने लिए, एक लाइसेंस निलंबित - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

बुधवार, 8 जुलाई 2026

कीटनाशकों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 29 प्रतिष्ठानों पर छापे, 11 नमूने लिए, एक लाइसेंस निलंबित

Newsnetworkindia


बिजनौर। किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कीटनाशक उपलब्ध कराने और नकली तथा अमानक कीटनाशकों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद भर में कृषि विभाग ने व्यापक संयुक्त छापामार अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई के दौरान 29 कीटनाशी बिक्री प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 11 कीटनाशकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए, एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि पांच विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

अभियान का नेतृत्व जिला कृषि रक्षा अधिकारी जसवीर सिंह ने किया। बिजनौर एवं नजीबाबाद तहसीलों में उपजिलाधिकारियों के साथ संयुक्त टीमों ने निरीक्षण किया। वहीं उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा ने धामपुर और नगीना तहसीलों में तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा) अक्षय कुमार ने उपजिलाधिकारी चांदपुर के साथ चांदपुर क्षेत्र में अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान बिजनौर स्थित ओम शिव ट्रेडिंग कम्पनी, नूरपुर के पावटी स्थित शौर्य बीज भंडार, दारानगर गंज के श्री बालाजी बीज भंडार, नगीना के सिसोदिया बीज भंडार तथा अफजलगढ़ के कृषक सेवा केन्द्र बंद मिले। निरीक्षण के समय संचालकों के अनुपस्थित पाए जाने पर इन सभी प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

वहीं चांदपुर क्षेत्र के चौधरी कृषि सेवा केन्द्र, स्याऊ पर निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने उसका कीटनाशी लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

अभियान के दौरान सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे केवल विभागीय पोर्टल पर विधिवत पंजीकृत एवं अधिकृत स्रोतों से प्राप्त मानक गुणवत्ता वाले कीटनाशकों का ही विक्रय करें। साथ ही प्रत्येक बिक्री पर किसानों को अनिवार्य रूप से कैश मेमो या रसीद उपलब्ध कराएं, जिससे गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी जसवीर सिंह ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नकली, अमानक अथवा अवैध कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कीटनाशक खरीदें, खरीद की रसीद अवश्य लें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में गुणवत्ता नियंत्रण और प्रवर्तन से जुड़े ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसानों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश उपलब्ध कराया जा सके।

Word Counter Free
पाठक संख्या



Free Counter