सात वर्ष पुराने प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार घटना में प्रयुक्त कार, कुल्हाड़ी और रक्तरंजित टी-शर्ट बरामद - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

गुरुवार, 30 जुलाई 2026

सात वर्ष पुराने प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार घटना में प्रयुक्त कार, कुल्हाड़ी और रक्तरंजित टी-शर्ट बरामद

Newsnetworkindia


स्योहारा पुलिस ने लापता युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सात वर्ष पुराने प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विरोध के चलते युवक की हत्या की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार, एक कुल्हाड़ी तथा रक्तरंजित टी-शर्ट बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बुढ़नपुर निवासी तथा वर्तमान में चक महदूदसानी में रहने वाली तसवीरन पत्नी स्वर्गीय शरीफ ने 29 जुलाई को थाना स्योहारा में सूचना दी थी कि उनका पुत्र नफीस अहमद 28 जुलाई की सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नफीस की हत्या ग्राम अलादीनपुर निवासी उवेश, साजिद, सितारा तथा अन्य लोगों द्वारा किए जाने की आशंका है। इस आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच आगे बढ़ने पर आरिफ, शुएब और महफूज के नाम भी प्रकाश में आए।

थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को उवेश, साजिद और सितारा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नफीस का उनकी बहन से पिछले सात वर्षों से प्रेम-प्रसंग था। परिवार के विरोध के बावजूद वह लगातार संपर्क में था तथा विवाह का दबाव बना रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे अपने घर बुलाया, हाथ बांध दिए और विरोध करने पर कुल्हाड़ी के बेंट से हमला कर बेहोश कर दिया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य भाइयों के साथ मिलकर नफीस को ब्रेजा कार से थाना कांठ क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर गढ़ी के जंगल में रामगंगा किनारे ले जाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी तथा शव को खंदक में फेंक दिया। लौटते समय उसका मोबाइल फोन तोड़कर रास्ते में फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार (यूपी 14 ईडब्ल्यू7698), एक कुल्हाड़ी तथा आरोपी उवेश की रक्तरंजित टी-शर्ट बरामद करने का दावा किया है।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में अन्य नामजद एवं प्रकाश में आए आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Find Total Words
पाठक संख्या



Visits