बिजनौर । कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग एवं उससे सटे वन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यह जानकारी प्रभागीय निदेशक समाजिक वानिकी प्रभाग जयसिंह कुशवाह ने दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा संवेदनशील वन क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) को सुदृढ़ किया गया है। वन कर्मियों की टीमें नियमित रूप से कांवड़ मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, ड्रोन के माध्यम से निगरानी (ड्रोन सर्विलांस) की व्यवस्था की गई है, जिससे कांवड़ मार्ग एवं वन क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके तथा किसी भी संभावित समस्या की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। कांवड़ यात्रियों, स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यात्रा के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्ग का पालन करें, वन क्षेत्रों में अनावश्यक प्रवेश न करें तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा के दौरान निरंतर सक्रिय हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस, प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करता है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वन्यजीवों की असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम वन अधिकारी अथवा प्रशासन को दें।
उन्होंने बताया कि वन विभाग का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी धार्मिक यात्रा सकुशल संपन्न कर सकें। वन विभाग की टीम के साथ यातायात पुलिस भी सहयोग में लगी हुई है ।
| पाठक संख्या |
Visits
