शेरकोट । थाना क्षेत्र के चुंगी नंबर-5 स्थित शिव मंदिर में दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके पास से दानपात्र से निकाली गई 6,370 रुपये की नकदी बरामद हुई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:30 बजे एक युवक मंदिर में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल रहा था। इसी दौरान मंदिर में मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसके कब्जे से चोरी की रकम बरामद कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन पुत्र मनीराम निवासी ग्राम दिनेशपुर, थाना दिनेशपुर, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) बताया।
मंदिर से जुड़े वेदप्रकाश पुत्र हजारी सिंह निवासी मोहल्ला खुराड़ा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंकित सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दिनदहाड़े मंदिर में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
| पाठक संख्या |
Visits
