करोड़ों की संपत्ति के मालिक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से सनसनी घर में मिला रक्तरंजित शव, शरीर पर चोट के निशान; संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

करोड़ों की संपत्ति के मालिक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से सनसनी घर में मिला रक्तरंजित शव, शरीर पर चोट के निशान; संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

News network india


बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र के नूरपुर रोड स्थित सोतियों के बाग में शुक्रवार सुबह करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक 80 वर्षीय अनिल सोती का शव उनके आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। शव पर गले, सिर और हाथ पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना कृष्णा कॉलेज के निकट स्थित सोतियों के बाग की है। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे घरेलू कर्मचारी नौशाद रोज की तरह अनिल सोती को जगाने पहुंचा। काफी देर तक मुख्य दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह दूसरे दरवाजे से अंदर पहुंचा, जहां तख्त के नीचे अनिल सोती का शव पड़ा मिला। उनके सिर, नाक और शरीर पर चोट के निशान देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।

अनिल सोती अविवाहित थे और क्षेत्र के बड़े प्रॉपर्टी कारोबारी माने जाते थे। बताया जाता है कि उनके पास करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनका अपने दिल्ली निवासी भतीजे के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह भी चर्चा है कि भतीजे ने अपने हिस्से की कुछ भूमि पहले ही बेच दी थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।

क्षेत्रीय लोगों का यह भी कहना है कि अनिल सोती ने पूर्व में अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। ऐसे में उनकी संदिग्ध मौत ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण कर रही है। जांच में संपत्ति विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया गया है।

क्षेत्राधिकारी नगर अभय कुमार पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रथम दृष्टया मृतक के गले, माथे और हाथ पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर कोण से गंभीरता से जांच कर रही है।

https://www.hitwebcounter.com/
पाठक संख्या



Characters Total