बिजनौर। नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम काजीवाला के जंगल में गौकशी की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो जीवित गोवंशीय पशु (बैल), घटना में प्रयुक्त एक कार, दो अवैध तमंचे, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी नगीना भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की रात करीब तीन बजे थाना नगीना पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम काजीवाला के जंगल में कुछ लोग दो गोवंशीय पशुओं का वध करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर थाना पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने गन्ने के खाली खेत में पांच लोगों को दो बैलों को बांधकर गौकशी की तैयारी करते देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन आरोपी घायल हो गए।
पुलिस ने घायल सईद अहमद निवासी मोहल्ला कलालान थाना नगीना, वाहिद उर्फ टल्ली निवासी मोहल्ला कलालान थाना नगीना और कासिम उर्फ बुल्ला निवासी मोहल्ला जाफ्तागंज थाना नजीबाबाद को गिरफ्तार किया। इनके अलावा मोमीन निवासी ग्राम तुखमापुर और अनिल निवासी ग्राम काजीवाला को भी मौके से दबोच लिया गया।
देहरादून में मांस की सप्लाई करने का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सईद अहमद, वाहिद उर्फ टल्ली और कासिम उर्फ बुल्ला वर्तमान में देहरादून में रहते हैं और मिलकर गौकशी का काम करते हैं। अनिल और मोमीन गोवंशीय पशुओं को खरीदकर अथवा आवारा पशुओं को पकड़कर जंगल के सुनसान स्थानों पर बांध देते थे। इसके बाद अन्य आरोपियों को सूचना देते थे। सभी मिलकर पशुओं का वध करते और गोमांस देहरादून में सप्लाई कर उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने बिजनौर के काजीवाला और कोटद्वार के जंगलों सहित अन्य सुनसान स्थानों पर भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक वैगनआर कार, दो अवैध 315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, गौकशी के उपकरण और दो जीवित बैल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सईद अहमद, वाहिद उर्फ टल्ली और कासिम उर्फ बुल्ला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वाहिद उर्फ टल्ली को वर्ष 2023 में गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में न्यायालय द्वारा दो वर्ष के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई जा चुकी है।
इस मामले में थाना नगीना पर मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 के तहत बीएनएस, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना नगीना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम के जवान शामिल रहे।
| पाठक संख्या |
Visits
