अफजलगढ़ क्षेत्र में बहादरपुर द्वारिकेश शुगर मिल निवासी हिन्दू युवती के मुस्लिम युवक से विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी करने और उसके परिवार के सहमति जताने पर रोषित हिन्दु संगठनों ने थाना कोतवाली परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
शनिवार को सुबह करीब 11बजे एकत्र हुए विभिन्न हिन्दु संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के लोगों ने बहादरपुर स्थित चीनी मिल कर्मचारी की पुत्री द्वारा मुस्लिम युवक से शादी करने के लिए बिजनौर मुख्यालय में विशेष विवाह अधिनियम के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन के लिए अप्लाई करने एवं परिवार के लोगों द्वारा युवती के अंतर्जातीय विवाह पर सहमति जताने पर रोष जताया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने आंशिक रूप से कालागढ़ रोड पर जाम लगाया और पुलिस व प्रशासन के अधिकारी के नहीं आने पर रोष जताते हुए नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने इस मामले को लव जिहाद का नाम देते हुए विवाह को नहीं होने देने की मांग की और थाने में सीओ सर्वम सिंह, थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा व किसी अन्य सक्षम अधिकारी के मौजूद न रहने पर रोष जताया, धरना प्रदर्शन की सूचना पर सीओ धामपुर सर्वम सिंह मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को आश्वासन दिया कि इस मामले में नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पूर्व हिन्दू युवा वाहिनी मंडल अध्यक्ष डॉ एनपी सिंह, सेवा भारती मात्रा मंडल की जिलाध्यक्ष शोभा शर्मा, हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक अंशुल आर्य, करणी सेना के मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष रसिक चौहान, शिव सेना जिलाध्यक्ष चौधरी संजय राणा, अवधेश शर्मा, भाजपा युवा नेता आशीष चौहान, आदित्य चौहान,अंकित राजपूत, लोकेश भारद्वाज, भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, अभिषेक पाराशर आदि मौजूद रहे।
यह है मामला------
द्वारिकेश शुगर मिल कॉलोनी में कार्यरत कर्मचारी की बेटी ने बिजनौर शहर के मोहल्ला खत्रियान निवासी 27 वर्षीय मुस्लिम युवक से प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युगल ने बीते 15 जून को बिजनौर में विशेष विवाह अधिकारी के समक्ष विशेष विवाह अधिनियम-1954 के तहत विवाह करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इस संबंध में विशेष विवाह अधिकारी द्वारा 15 जुलाई तक आपत्ति प्रस्तुत करने की तिथि निर्धारित की गई है। लेकिन इससे पहले ही यह नोटिस सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिससे हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया है।
| पाठक संख्या |
