 |
|
रेहड़ क्षेत्र के बादीगढ़ चौराहा कल्लूवाला मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली ने एक बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई जबकि बाइक पर पीछे बैठे उसके मामा ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें गंभीर हालत में पीएचसी कासमपुर गढ़ी ले जाया गया, जहां से जिला मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। बिजनौर जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई जिससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भांजे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव केहरीपुर जंगल निवासी ओमप्रकाश सिंह उम्र लगभग 50 वर्ष पत्नी मीनाक्षी व बच्चों के साथ उत्तराखंड के काशीपुर के गांव हरियावाला में रहते थे। वह हरियावाला की एक पेपर मिल में मजदूरी करते थे, रेहड़ के गांव केहरीपुर जंगल में उनका पुश्तैनी घर है। बताया गया है कि यहां पर लगा हैंडपंप खराब हो गया था, जिसके चलते ओमप्रकाश शनिवार को इसे सही कराने आए थे। रविवार शाम लगभग 5:45 बजे ओमप्रकाश का भांजा राजू पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गांव केहरीपुर जंगल अपनी स्प्लेंडर बाइक से अपने मामा ओमप्रकाश पुत्र स्वर्गीय आशाराम निवासी गांव केहरीपुर जंगल को काशीपुर छोड़ने जा रहा था। जब वह बादीगढ़ चौराहा - कल्लूवाला मार्ग पर पांच बढ़ों के पास पहुंचा तो सामने से अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक चालक राजू ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई परंतु उसके मामा ओमप्रकाश ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर चालक फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को पीआरबी 112 से पीएचसी कासमपुर गढ़ी ले जाया गया। गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला मेडिकल अस्पताल बिजनौर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन प्राइवेट वाहन से उन्हें बिजनौर ले जा रहे थे इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक ओमप्रकाश अत्यंत गरीब था। मृतक अपने पीछे पत्नी मीनाक्षी, चार बच्चों, दो विवाहित पुत्रियों रमन व नीतू, एक अविवाहित पुत्री सपना व एक अविवाहित पुत्र अनमोल को रोता बिलखता छोड़ गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मृतक के भांजे राजू की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है।
 |
| पाठक संख्या |