हीमपुर दीपा । जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हीमपुर दीपा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और जिले के अलग-अलग थानों में कई गंभीर मामलों में नामजद थे।थाना हीमपुर दीपा में दर्ज मुकदमे के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि कुछ वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और मोहित कश्यप पुत्र सुमेर सिंह निवासी रजुपुरा थाना नगीना देहात, शान्तनु पुत्र जगदेव सिंह राठी निवासी मुस्तफापुर थाना किरतपुर, फिरोज अख्तर पुत्र मुस्तकीम निवासी मोहल्ला अंसारियान थाना किरतपुर, मोहित पुत्र धर्मेन्द्र निवासी भूडपुर थाना किरतपुर, और संतोष पुत्र सदाशिव निवासी सांगला (महाराष्ट्र) हाल निवासी कस्बा किरतपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों पर जिले के नूरपुर, चाँदपुर, हल्दौर और हीमपुर दीपा थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इन पर चोरी, लूट, मारपीट और संगठित अपराधों से जुड़े मामले भी चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद इन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह राठी के नेतृत्व में की गई, जिसमें उपनिरीक्षक जगत सिंह, सुमित कुमार, रजत चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल अमित वर्मा, रविन्द्र सिंह, प्रकाशवीर, तथा कॉन्स्टेबल पिन्टू, सचिन सार्थक, महेश कुमार, अनुज कुमार और शक्तिराम शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष फरार साथियों की तलाश जारी है।
| पाठक संख्या |
