नहटौर । गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से घर लौट रहे लोगों से भरा छोटा हाथी वाहन नूरपुर रोड पर चक मोड़ पर पलट गया, जिसमें सवार करीब डेढ़ दर्जन बाराती घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया ।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को गांव चौहरा निवासी सुभाष पुत्र मुन्ने की बारात नगीना देहात क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवाला गई थी। देर शाम सभी बाराती छोटा हाथी वाहन से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन नूरपुर रोड स्थित चक मोड़ से कुछ आगे पहुंचा तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।हादसे में चालक अनिल (30), अभिमन्यु (22), लवकुश (22), चुनमुन (10), सन्नी (15), अंश (7), दिव्यांश (6), गंभीर (32), विमल (22), नैना (7) समेत करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों ने चालक अनिल और मासूम नैना की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह व निरीक्षक अपराध विपिन चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा जानकारी जुटाई, उसके बाद पुलिस अस्पताल में पहुंची तथा सभी घायलों का हाल-चाल जाना । पुलिस ने मौके का भी निरीक्षण किया ।प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
| पाठक संख्या |
