किरतपुर - तलहा मकरानी एडवोकेट ने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता से हज़रत अहमद शाह गुलाब शाह दरगाह पर ठन्डे पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगवाने की मांग की है। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु एवं विभिन्न समुदायों के नागरिक अपनी श्रद्धा व आस्था के साथ ज़ियारत के लिए नजीबाबाद रोड रेलवे फाटक के पास स्थित अहमद शाह गुलाब शाह दरगाह परिसर मे आते हैं। वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण श्रद्धालुओं को शुद्ध शीतल पेयजल की अत्यंत आवश्यकता है।
दरगाह परिसर एवं उसके आस-पास नगर पालिका द्वारा अभी तक कोई भी सार्वजनिक पेयजल कूलर की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों व राहगीरों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
अतः जनहित व ‘खिदमत-ए-खल्क़’ की भावना को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने दरगाह परिसर में 40/60 लीटर क्षमता का स्टोरेज टैंक युक्त वाटर कूलर शीघ्र लगवाने की मांग की है । अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता ने वाटर कूलर लगवाने का आश्वासन दिया।
| पाठक संख्या |
Total Visits
