नहटौर क्षेत्र के प्रसिद्ध आमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नहटौर की अध्यक्षा के पति एवं रालोद के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सदस्य मोहम्मद जैद रशीद ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान जैद रशीद ने जयंत चौधरी को नहटौर क्षेत्र के दशहरी सहित अन्य प्रसिद्ध किस्मों के आम भेंट किए और क्षेत्र के बागवानों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नहटौर के आम अपनी मिठास, सुगंध और उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण देशभर में पसंद किए जाते हैं, लेकिन उचित बाजार और निर्यात की व्यवस्था न होने से किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य नहीं मिल पाता।
उन्होंने सुझाव दिया कि आम की ब्रांडिंग कर उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाए। साथ ही आधुनिक पैकेजिंग, ग्रेडिंग, कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन नेटवर्क और शेल्फ लाइफ बढ़ाने वाली तकनीकों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि आम लंबे समय तक सुरक्षित रह सके और विदेशों में भी आसानी से निर्यात किया जा सके।
जैद रशीद ने बताया कि जयंत चौधरी ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कृषि मंत्रालय के अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और नहटौर के आमों को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
| पाठक संख्या |
Free Counter
