शेरकोट । सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सोमवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ आलोक कुमार ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मनोकामना मंदिर से होकर गुजरने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात्रि में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सीओ कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम में पुलिस, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। किसी भी आपात स्थिति या समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीओ ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाए रखते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान थाना प्रभारी रामप्रताप सिंह सहित विजय वर्मा, अमिष रस्तौगी, अबरार अहमद, सुमित वर्मा, धर्मवीर सिंह, श्रेष्ठ रस्तोगी, डॉ. फैजान, नाजिम मलिक, एस. भारती, कृष्ण कुमार कौशिक एवं अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
| पाठक संख्या |
Characters Total
