बढ़ापुर । नजीबाबाद डिविजन की साहूवाला रेंज में वन विभाग की टीम ने वन तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ियों से लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया,जबकि कार्रवाई के दौरान तस्कर वन विभाग की टीम को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि मुखबिर द्वारा साहुवाला रेंज कार्यालय को शुक्रवार को रेंज में खैर की लकड़ियों से भरी एक पिकअप रामगंगा नदी खादर क्षेत्र से गुजरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वनकर्मियों ने रणनीति बनाकर संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया। वन विभाग की टीम को सामने देखकर चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
पिकअप संख्या यूए 04 डी 8691 की तलाशी लेने पर पिकअप में खैर की बेशकीमती लकड़ी भरी मिली। वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन और लकड़ियों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में रेंजर रामवृक्ष यादव का कहना है कि फरार तस्करों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
| पाठक संख्या |
Visits
