प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रावली बांध एवं गलखा देवी मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री, - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

रविवार, 16 अगस्त 2026

प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रावली बांध एवं गलखा देवी मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री,

News network india


बिजनौर । प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश व जनपद के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रविवार को जनपद में बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत तहसील बिजनौर क्षेत्र के रावली बांध एवं गलखा देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जलस्तर, बांध की स्थिति तथा सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। प्रभारी मंत्री द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की गई।

प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार पूरी तरह उनके साथ है और किसी भी प्रकार की आपदा या कठिन परिस्थिति में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए जनसामान्य की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।

प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न सुरक्षात्मक एवं बचाव कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बांधों एवं तटबंधों की निरंतर निगरानी की जाए तथा जहां कहीं भी मरम्मत अथवा सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की गई। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को समय से राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में क्षेत्र में आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने बैराज स्थित सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की स्थिति का आकलन किया। बैठक में उन्होंने जलस्तर, बांध एवं तटबंधों की स्थिति, सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, संभावित संवेदनशील क्षेत्रों तथा बचाव एवं राहत की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में जनपद में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी जसजीत कौर के मार्गदर्शन में प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न सुरक्षात्मक एवं बचाव कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Word Counter Free
पाठक संख्या



Free Counter