बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने लूट की घटना के खुलासे के दौरान एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और लूट की घटना में प्रयुक्त बताई जा रही मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को जहानाबाद निवासी अखिलेश पुत्र देव सिंह ने थाना कोतवाली शहर में तहरीर देकर अज्ञात लोगों द्वारा उसकी मोटरसाइकिल यूपी 20 बी वाई 3398 तथा दो मोबाइल फोन लूट लिए जाने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
17 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त लूट की घटना में शामिल मोटरसाइकिल सवार आरोपी बिजनौर की ओर से आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान देव पुत्र सतीश, निवासी ग्राम रहदवा, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा लूटी गई मोटरसाइकिल संख्या यूपी 20 बी वाई 3398 बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में सामने आई चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12/13 अगस्त की रात करीब एक बजे उसने अपने अन्य साथियों के साथ ग्राम गंज और ग्राम शाहपुर के बीच नहर के पास एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल छीनी थी। उसके दो मोबाइल फोन भी उसके साथियों ने अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली शहर में लूट और अन्य धाराओं से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। एक अन्य लूट की घटना के संबंध में भी पूछताछ की ।
पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त को विवेक कॉलेज के पास नूरपुर रोड पर हर्षित के ऊपर फायरिंग किए जाने की घटना के संबंध में भी आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना में पृथ्वी पुत्र वरुण तथा एक अन्य अज्ञात युवक के शामिल होने की बात बताई है। पुलिस इस जानकारी की भी जांच कर रही है।
कोतवाली शहर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के अन्य साथियों और घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
| पाठक संख्या |
Characters Total
