नहटौर। क्षेत्र के ग्राम मुस्सेपुर में गुलदार के हमले में दो वर्षीय मासूम मोहित उर्फ रोहित की मौत के बाद रविवार को क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। घटना से आहत नहटौर विधायक ओम कुमार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार की दैवीय आपदा राहत कोष एवं वन्यजीव दुर्घटना योजना के तहत पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन घड़ी में सरकार और वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक ने मौके पर मौजूद वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को गुलदार को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली अन्य सहायता भी उपलब्ध कराने को कहा।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख राकेश चौधरी, तहसीलदार धामपुर अतुल भगत, बीडीओ प्रताप सिंह, रेंजर आशीष जोशी, प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार, लेखपाल ब्रह्म सिंह रवि, अरुण चौधरी आदि मौजूद रहे।
| पाठक संख्या |
Free Counter
