नागा साधु बनकर ठगी, हाईवे पर पति-पत्नी को बनाया निशाना नजीबाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को लूटे आभूषणों और बाइक समेत दबोचा, कई घटनाओं का खुलासा - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

सोमवार, 31 अगस्त 2026

नागा साधु बनकर ठगी, हाईवे पर पति-पत्नी को बनाया निशाना नजीबाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को लूटे आभूषणों और बाइक समेत दबोचा, कई घटनाओं का खुलासा

News network india


बिजनौर । नागा साधु का भेष धारण कर लोगों को बहला-फुसलाकर ठगी और लूट की वारदात करने वाले गिरोह का नजीबाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, दो अंगूठियां और मंगलसूत्र बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी केशव भट्ट ने नजीबाबाद थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि एक व्यक्ति नागा साधु के भेष में तथा उसका साथी साधु का भेष होने का फायदा उठाकर उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चेन ले गया।मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फोटो, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान जहांगीर पुत्र बाबूनाथ और गुरविंदर पुत्र देवीदास, निवासी घोसीपुरा सपेरा बस्ती, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।30 अगस्त को नजीबाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल संख्या यूके 17एस 4948 के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जहांगीर के कब्जे से पीली धातु की अंगूठी और चेन तथा गुरविंदर के कब्जे से एक अंगूठी और पीली धातु व काले मोतियों का मंगलसूत्र बरामद किया।

पुलिस जांच में जहांगीर के कब्जे से मिली एक अन्य अंगूठी का संबंध नगीना थाने में दर्ज पुराने मामले से भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।


हाईवे पर डराकर छीने थे गहने


पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त को उन्होंने इसी हाईवे पर एक पति-पत्नी को निशाना बनाया था। दोनों को डराने-धमकाने के बाद उनके पास से चेन, मंगलसूत्र और अंगूठी लूट ली थी। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषण इसी वारदात से संबंधित हैं।

आरोपियों ने यह भी बताया कि करीब छह माह पहले काशीपुर रोड स्थित एक होटल के पास कार सवार व्यक्ति को झांसे में लेकर उसकी अंगूठियां हासिल की थीं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में की गई घटनाओं से मिले आभूषण बेचने के लिए बिजनौर आए थे और दोबारा आपराधिक वारदात की फिराक में थे।


शादी के लिए चाहिए था पैसा, अपराध को बनाया जरिया


पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनके परिवारों में आगामी दिनों में शादी होने वाली है और उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसी कारण वे अपराध से हासिल सामान को बेचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई है। जहांगीर के खिलाफ नजीबाबाद, नगीना और डोईवाला थाने में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि गुरविंदर के खिलाफ नजीबाबाद और डोईवाला थाने में मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार और उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Word Counter Free
पाठक संख्या



Free Counter