बिजनौर। जनपद पुलिस ने कथित हनीट्रैप और झूठे मुकदमों के जरिए वसूली करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और पारिवारिक मामलों का फायदा उठाकर लोगों पर दबाव बनाता था तथा समझौते और मुकदमे वापस लेने के नाम पर धनराशि मांगता था। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को मोहल्ला काजीपाड़ा उमर कॉलोनी निवासी मोहम्मद अहसान ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और मामले वापस लेने के लिए धनराशि की मांग की। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शहर में मु0अ0सं0 706/2026 धारा 61(2)/308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस प्रकरण से संबंधित एक अन्य मुकदमा थाना नूरपुर में भी दर्ज है।पुलिस विवेचना में यह तथ्य सामने आने का दावा किया गया है कि जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा कथित रूप से एक संगठित गिरोह का संचालन करता था। गिरोह में अफजाल, गुड्डी, कुन्ती, प्रीति, मौ. आसिफ, दिलशाद और अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह पहले लोगों के आपसी विवाद, जमीन के झगड़े और पुरानी रंजिशों की जानकारी जुटाता था, फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेकर दबाव बनाने की रणनीति अपनाता था।पुलिस का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर गिरोह से जुड़ी महिलाओं और अन्य सहयोगियों के माध्यम से विभिन्न थानों एवं न्यायालयों में गंभीर धाराओं के मुकदमे और परिवाद दायर कराए जाते थे। विवेचना में बलात्कार, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट जैसे मामलों में झूठे मुकदमे दर्ज कराने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि न्यायालयीय प्रक्रिया और जांच के बाद ही होगी।
दो और आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली शहर पुलिस ने इस मामले में मौ. आसिफ पुत्र मौ. असगर निवासी औरंगपुर भिक्कू उर्फ नारायणपुर, थाना मंडावली तथा दिलशाद पुत्र अब्दुल रहमान निवासी मोहल्ला सादात, कस्बा झालू, थाना हल्दौर को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में दिलशाद ने जमीन विवाद को लेकर कुछ व्यक्तियों पर दबाव बनाने और मुकदमे दर्ज कराने की बात स्वीकार करने का दावा पुलिस ने किया है। वहीं मौ. आसिफ ने पारिवारिक विवादों के दौरान गिरोह के संपर्क में आने और बाद में कुछ मामलों में सहयोग करने की बात बताई है।
कई जनपदों में मुकदमे और परिवाद
पुलिस के अनुसार अब तक की विवेचना में बिजनौर और अमरोहा समेत विभिन्न जनपदों में गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ कई मुकदमे और परिवाद दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किन-किन मामलों में झूठे मुकदमे दर्ज कराकर लोगों पर दबाव बनाने और आर्थिक लाभ लेने का प्रयास किया गया।
स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
गिरफ्तारी की कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक, कोतवाली शहर प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान, सर्विलांस सेल प्रभारी शौकत अली, उपनिरीक्षक विपिन डेढ़ा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल जोगिन्द्र कुमार तथा पुलिसकर्मी मंजीत कुमार, अचिन, आकाश और मोनू शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना गहनता से की जा रही है और जांच में जो भी अन्य व्यक्ति शामिल पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
| पाठक संख्या |
PageHits
