किरतपुर । दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देकर आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर किरतपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा सहित छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार,किरतपुर नगर के मोहल्ला लाडपुरा निवासी महफूज खान पुत्र बाबू खां ने बताया कि वर्ष 2020 में किरतपुर-भैंसा हाईवे के निर्माण के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण हुआ था। इसके बदले वर्ष 2021 में उन्हें सरकार की तरफ से मुआवजा मिला।
आरोप है कि मुआवजा मिलने की जानकारी होते ही कुछ स्थानीय दबंगों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने महफूज से संपर्क किया। उन्होंने पुराने मामलों में समझौता कराने के नाम पर आठ लाख रुपये की मांग की। बदनामी और झूठे मुकदमों में फंसने के डर से महफूज ने शुरुआत में उन्हें 50 हजार रुपये नकद दे दिए।
झूठे मुकदमों में फंसाने की दी धमकी
जब महफूज ने बाकी के पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन्हें दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। तहरीर में बताया गया है कि आरोपियों ने दबाव बनाने के लिए अमरोहा जनपद में वर्ष 2021 और 2022 में महफूज के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित झूठे मुकदमे भी दर्ज करा दिए थे। इनमें से एक मामले में पुलिस जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगाने की बात भी सामने आई है।
हिस्ट्रीशीटर समेत 6 पर रिपोर्ट दर्ज
थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित महफूज की तहरीर के आधार पर जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, हिफजान, गुड्डू, प्रीति और रामकली समेत छह लोगों और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा किरतपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है जो पहले सट्टे का कारोबार करता था और कई बार जेल जा चुका है। फिलहाल वह पुलिस के डर से किरतपुर छोड़कर फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
| पाठक संख्या |
Free Counter
