नगीना । एक महिला ने अपने पड़ोसी पर पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर की छत पर पहुंचने, तमंचा दिखाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना नगीना में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मझेड़ा सकरू निवासी रुबीना पत्नी कदीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति कदीर अहमद 11 सितंबर की सुबह आवश्यक कार्य से दिल्ली गए थे। महिला के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला आफताब आलम पुत्र अहमद हसन उनके परिवार से रंजिश रखता है। तहरीर में बताया गया कि बिजली का बिल जमा न होने के कारण करीब शाम चार बजे घर की बिजली काट दी गई थी। इन्वर्टर डाउन होने से घर में लगा कैमरा भी बंद हो गया था। गर्मी अधिक होने के कारण वह रात में घर की छत पर सो रही थी। आरोप है कि 12 सितंबर की रात करीब एक बजे आफताब आलम घर की छत पर पहुंचा और उसकी छाती पर तमंचा लगा दिया। विरोध करने के बावजूद आरोपी ने जबरदस्ती करने तथा शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
तहरीर के अनुसार, महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे और उसके बच्चों को जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया।
पीड़िता ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। नगीना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
| पाठक संख्या |
Visits
