रेहड़ क्षेत्र में मौज मस्ती करने के लिए साथियों के साथ पीली डैम गए युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई, घटना के बाद साथी शव को एक निजी अस्पताल में छोड़कर भाग खड़े हुए। घटना से परिवार जन सदमे में हैं।
जानकारी के अनुसार गांव उदयपुर निवासी चंचल सिंह का 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र बादीगढ़ चौराहा स्थित एक फर्नीचर हाउस पर काम करता है, शनिवार की दोपहर जितेन्द्र के कार सवार कुछ परिचित फर्नीचर हाउस पर पहुंचे और पीली डैम पर मौज मस्ती के लिए जितेंद्र को भी साथ ले गए। लगभग ढाई घंटे बाद कार सवार युवक, जितेंद्र को मरणासन्न स्थिति में फर्नीचर हाउस के ठीक सामने स्थित निजी हॉस्पिटल में छोड़कर भाग खड़े हुए। हांलाकि जितेन्द्र को एक बार सांस आ जाने पर परिजन युवक को उपचार के लिए जसपुर ले जा रहे थे, तभी युवक ने रास्ते में दम तोड दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, थानाध्यक्ष धीरज सोलंकी ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही है।
बैरियर के बावजूद पीली डैम पर हो रहीं घटना, नहीं लग रही रोकथाम
रेहड़। सिंचाई विभाग द्वारा पीली डैम पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। डैम पर चौकीदारों के रहने और बैरियर होने के बावजूद लगभग रोज घटनाएं होना विभागीय कर्मियों की लापरवाही को दर्शाता है। वहीं, जब इस बारे में जेई भानु प्रताप सिंह से घटना के संबंध में जानकारी चाही, तो उन्होंने पीली डैम पर हो रही घटनाओं से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को भी पीली डैम पर घूमने आए युवकों की कार नहर में गिर गई थी।
पीली डैम में जबरन घुसने वालों पर होगी पुलिस की कार्रवाई : अधिशासी अभियंता राकेश कुमार
बिजनौर। अफजलगढ़ सिंचाई विभाग मुख्यालय धामपुर के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि उनके द्वारा पीली डैम क्षेत्र में कई बैरियर बनाए गए हैं, जहां हर वक्त स्टाफ रहता है। लेकिन कुछ दबंग लोग विभाग के कर्मियों को डरा धमका कर डैम क्षेत्र में घुस जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर लगाम करने के लिए जल्द ही पुलिस का सहारा लिया जाएगा ।
| पाठक संख्या |
