बिजनौर कोतवाली शहर पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने मुठभेड में वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार की शाम को कोतवाली शहर पुलिस एवं स्वाट सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। प्राप्त सूचना के आधार पर बिजनौर - झालू रोड पर फाटक से पहले रजवाहे के पास थाना कोतवाली शहर पुलिस एवं स्वाट सर्विलांस टीम द्वारा चेकिंग प्रारम्भ किया गया । चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया तो मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल को नही रोका गया तथा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए कच्चे रास्ते की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा खुद को बचाते हुए आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी तथा बदमाश को घायल अवस्था में पुलिस ने हिरासत में ले लिया । पूछताछ करने पर बदमाश ने अपना नाम अजीज पुत्र इम्तियाज निवासी मौहल्ला पडियान मन्दिर वाली गली मेवगढी थाना लिसाढी गेट जनपद मेरठ बताया। अभियुक्त के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर व 02 जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से 04 खोखा कारतूस एवं स्पलेन्डर मोटरसाइकिल बरामद की गयी। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। यह अभियुक्त थाना कोतवाली शहर पर पंजीकृत मुकदमे में धारा 302/120-ब में वांछित है। थाना कोतवाली शहर पुलिस एवं स्वाट सर्विलांस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग का खुलासा करते हुए षडयंत्र रचने वाले 08 अभियुक्तगण वसीम, अतुल चौधरी , नईमुद्दीन ,शुभम चौधरी ,अरनव तोमर, हसीन ,फैजान व सालिक को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुछताछ करने पर अभियुक्त अजीज ने बताया कि मुझे व एक अन्य शूटर को सालिक ने जनपद बिजनौर के प्रॉपर्टी डीलर सुशील की हत्या करने के लिये बुलाया था और इस काम के लिये 2.5 लाख रुपये दिलवाये थे। योजनानुसार 29 मई 2024 को मेरे व मेरे अन्य साथी शूटर द्वारा प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी थी। अब मेरा व मेरे साथी शूटर का जनपद बिजनौर में ही दो अन्य लोगों की हत्या करने का भी प्लान था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली शहर पुलिस व स्वाट / सर्विलांस टीम शामिल रही ।
| पाठक संख्या |
