नजीबाबाद। एन्टी करप्शन टीम ने खसरे की नकल देने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत पर तहसील परिसर में छापामारी करते हुए चर्चित लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने आरोपी लेखपाल के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
तहसील नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर आमला निवासी आसिफ ने एंटी करप्शन मुरादाबाद की टीम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि हल्का लेखपाल डेविड चौहान उसे खसरे की नकल देने के नाम पर काफी दिनों से परेशान कर रहा है, पीड़ित के अनुसार जब उसने लेखपाल डेविड पर दबाव बनाया, तो आरोपी लेखपाल ने पीड़ित से खसरे की नकल लेने के लिए तीन हजार खर्च देने को कहा, जिस पर पीड़ित आसिफ ने मुरादाबाद जाकर एंटी करप्शन की टीम से संपर्क किया और उन्हें लिखित शिकायत की, जिस पर एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार की अगुवाई में दरोगा नवल मरवा, एसआई विजय कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश चंद्र कश्यप व कृष्णपाल, कांस्टेबल राहुल कुमार व प्रियंकर की टीम पीड़ित आसिफ को लेकर नजीबाबाद पहुंची और केमिकल लगे नोट आसिफ को दिए। आसिफ ने जैसे ही कैमिकल लगे तीन हजार के नोट लेखपाल डेविड चौहान को दिए, तभी मौके की तलाश में वहां मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल डेविड चौहान पुत्र वेदप्रकाश को दबोच लिया, इसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी हल्का लेखपाल से कैमिकल लगे तीन हजार रूपए बरामद कर लिए। बताया गया कि लेखपाल डेविड चौहान के पर्स में और भी रुपए थे, जो टीम ने नहीं लिए। एन्टी करप्शन की टीम आरोपी लेखपाल को लेकर थाना नगीना देहात पहुंची, जहाँ एंटी करप्शन मुरादाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने आरोपी लेखपाल के विरुद्ध सुसंगत धारा में मुकदमा पंजीकृत कराया और केमिकल लगे नोटों को सीज कराया। घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल संघ के धामपुर, नजीबाबाद तथा नगीना से सैंकड़ों की तादाद में सदस्य व पदाधिकारी थाना नगीना देहात पहुंचे और एंटी करप्शन टीम से घटना की जानकारी ली, वहीं, पीड़ित आसिफ ने बताया कि वह लेखपाल के भ्रष्ट आचरण से परेशान था, वह उसे बार-बार मांगने के बावजूद खसरे की नकल नहीं दे रहा था, तब जाकर उसने एंटी करप्शन की टीम का सहारा लिया।
पूर्व में भी चर्चित रहा है लेखपाल डेविड चौहान
बताया जा रहा है कि लेखपाल डेविड चौहान पहले भी कई मामलों में चर्चित रहा है। नजीबाबाद में तैनाती से पूर्व उक्त लेखपाल धामपुर में तैनात था, जहां उसे किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा था। वहां भी लोगों ने कई बार रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे। लेकिन राजनैतिक पकड़ होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी ।
भ्रष्ट लेखपाल की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी
एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लेखपाल डेविड चौहान को रिश्वत लेने के आरोप में एंटीकरप्शन मुरादाबाद की टीम ने गिरफ्तार किया है। उक्त मामले में रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जायेगी।
| पाठक संख्या |
