शेरकोट । बीमार छोटे भाई को देखने चंडीगढ़ जा रहे 65 वर्षीय वृद्ध की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मोहल्ला बकरकसाबान निवासी शकील अपनी पत्नी नसीमा और पुत्र सोबी के साथ बुधवार देर रात स्लीपर बस से चंडीगढ़ जा रहे थे। बताया गया कि उनके छोटे भाई अकील को तीन दिन पूर्व पैरालाइसिस हुआ था और वह चंडीगढ़ के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। इसी के चलते शकील परिजनों के साथ उन्हें देखने जा रहे थे।
गुरुवार अलसुबह बस के अंबाला के पास पहुंचने पर शकील लघुशंका के लिए उठे। इसी दौरान वह अचानक बस में गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें अंबाला के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, छोटे भाई की बीमारी की खबर से शकील बेहद परेशान थे। भाई को देखने की आस लेकर निकले शकील की रास्ते में ही मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। वहीं, आईसीयू में भर्ती अकील को भी भाई की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों के सामने भावुक माहौल बन गया।
| पाठक संख्या |
Visits
