![]() |
बिजनौर । आधार संबंधी गतिविधियों के अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन हेतु गठित जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की त्रैमासिक बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विगत 10 वर्षों के दौरान आधार नंबर व्यक्ति की पहचान के प्रमाण के रूप में उभरा है। आधार नंबर का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए किया जा रहा है। इन योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने के लिए सर्वसाधारण को व्यक्तिगत नवीनतम विवरण से आधार डाटा की अपडेट रखना है ताकि आधार प्रमाणीकरण व सत्यापन में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति जिन्होंने अपना आधार 10 वर्ष पूर्व बनवाया था एवं तदुपरांत इन सालों में कभी भी अपडेट भी नहीं करवाया है, ऐसे आधार नंबर धारकों को डॉक्यूमेंट अपडेट करवाने का आग्रह किया जाता है। बताया कि इस संबंध में आधार धारकों को यूआइडीएआइ ने डॉक्यूमेंट अपडेट की सुविधा निर्धारित शुल्क के साथ प्रदान की है, इसके आधार पर आधार नंबर धारक व्यक्तिगत पहचान के प्रमाण और पते के प्रमाण दस्तावेजों को आधार डाटा में अपडेट कर सकता है। इस सुविधा को माई आधार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन एक्सेस किया जा सकता है या निवासी इसका लाभ उठाने के लिए किसी भी नजदीकी नामांकन केंद्र पर भी जा सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने बताया कि जनपद में 12 एजेंसीज कार्य कर रही है जिनके पास 237 किड्स मशीन है और बताया कि अगस्त 2026 में 7086 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 37814 अपडेट किए गए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नए आधार रजिस्ट्रेशन व 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष तक के बच्चों के मैंडेटरी आधार अपडेट तथा 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों के अवधि बढ़ाने के कार्यों पर कोई चार्ज नहीं लिया जाना चाहिए, इसके अतिरिक्त बायोमैट्रिक अपडेट के लिए जैसे फिंगरप्रिंट, आइरिस या फोटोग्राफ के लिए 125 रुपए जीएसटी सहित निर्धारित हैं।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार नाम, पता, जन्म तिथि, मोबाइल आदि के बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 75 रुपए जीएसटी सहित निर्धारित हैं। माय आधार पोर्टल पर डॉक्यूमेंट अपडेट 14 जून 2027 तक यह निशुल्क है तथा पंजीकृत केंद्रों पर 75 रुपए निर्धारित हैं। 1 जनवरी 2026 से पीवीसी कार्ड के लिए 75 रुपए निर्धारित हैं। इसी प्रकार आधार प्रिंटिंग सर्च व कलर प्रिंटिंग ए 4 साइज के लिए 40 रुपए निर्धारित है। उन्होंने बताया कि गूगल प्ले स्टोर से आधार एप भी डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि किसी भी समस्या व शिकायत के निस्तारण के लिए टोल फ्री नंबर 1947 या 0522- 2304978 व 2304979 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
| पाठक संख्या |
Free Counter
