हल्दौर पुलिस ने रात के अंधेरे में विद्युत ट्रांसफार्मरों व नलकूपों (ट्यूबवेलों) को निशाना बनाकर कॉपर वाइंडिंग तार और तेल चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 4 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का लगभग 57 किलोग्राम तांबे का तार, चोरी में इस्तेमाल उपकरण और वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ने दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को 33/11 केवी सब-स्टेशन हल्दौर के अवर अभियंता गौतम कुमार ने थाने में तहरीर दी थी। जिसमें बताया गया था कि 4/5 सितंबर 2026 की रात शांतिनगर कॉलोनी बिलाई स्थित ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा तांबा और तेल चोरी कर लिया गया है। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर चोरों की सुरागकशी के लिए टीम गठित की थी।
हल्दौर पुलिस ने सटीक मुखबिरी और चेकिंग के दौरान उत्तराखंड निवासी 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। सलीम अहमद पुत्र छोटे खां (निवासी ग्राम नारायनपुर, थाना जसपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), निजामुद्दीन पुत्र इमामी (निवासी ग्राम कुंडा, थाना कुंडा, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), इश्तकार पुत्र भूरा (निवासी ग्राम कुंडा, थाना कुंडा, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), कलवा पुत्र फदरू (निवासी ग्राम कुंडा, थाना कुंडा, जनपद उधमसिंह नगर, उत्तराखंड)
वहीं गिरोह के दो अन्य सदस्य नईम पुत्र कलवा और कासिम पुत्र लियाकत (दोनों निवासी कुंडा, उधमसिंह नगर) फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
डिजायर कार में औजार लेकर चलते थे, कबाड़ियों को बेचते थे माल
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे रात में स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: एच आर 29 ए आर 7441) से निकलते थे और सुनसान खेतों व कॉलोनियों में लगे ट्रांसफार्मर काटकर कॉपर वाइंडिंग तार चुरा लेते थे। चुराए गए माल को वे चलते-फिरते कबाड़ियों को बेचकर आपस में रुपये बांट लेते थे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब ढाई माह पूर्व थाना नगीना देहात क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तांबा तार चुराया था। इसके अलावा करीब तीन माह पूर्व कस्बा झालू के मुकरनपुर रोड से दो ट्यूबवेलों से तार व स्प्रे मशीन तथा ग्राम करौंदी क्षेत्र से लगभग 6-7 नलकूपों से तार चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया ट्रांसफार्मर का कॉपर वाइंडिंग तार (लगभग 57 किलोग्राम), घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार (नीले रंग की), चोरी करने के औजार (चाबियां, पाने, पाइप रिंच, बड़ा पेचकस, प्लास, एल पाना, आरी मय 4 ब्लेड और चार-चार फीट की दो लोहे की रॉड) आदि बरामद किया।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हल्दौर, नगीना देहात तथा उत्तराखंड के जसपुर थाने में चोरी और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है तथा कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक गुरूचरण, कांस्टेबल हिमांशु रावल, कांस्टेबल जयदेव, कांस्टेबल गंगाधर तथा कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
| पाठक संख्या |
Visits
