स्योहारा क्षेत्र के ग्राम जयरामपुर में आतंक का पर्याय बनी मादा गुलदार रविवार सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। गुलदार के पकड़े जाने से पिछले कई दिनों से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयरामपुर और आसपास के खेतों में गुलदार की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी, जिससे किसानों में भारी डर का माहौल था। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने दो दिन पूर्व गांव के जंगल में पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह करीब 6:10 बजे मादा गुलदार पिंजरे में रखे चारे के लालच में अंदर दाखिल हुई और उसमें कैद हो गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर विजय भारत वन कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए मादा गुलदार का सुरक्षित रेस्क्यू किया। गुलदार के पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
डिप्टी रेंजर विजय भारत ने बताया कि क्षेत्र में अन्य गुलदारों की सक्रियता की संभावना को देखते हुए एहतियात के तौर पर उसी स्थान पर दूसरा पिंजरा भी लगा दिया गया है। पकड़ी गई मादा गुलदार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सुरक्षित प्राकृतिक वास (घने वन क्षेत्र) में छोड़ा जाएगा।
| पाठक संख्या |
PageHits
