शेरकोट । नगर के मोहल्ला तराई में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ब्रश फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मजदूरों के खाना खाने बाहर जाते ही फैक्ट्री से धुएं का गुबार उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया।
मोहल्ला तराई निवासी खुर्शीद अहमद पुत्र हसन की फैक्ट्री में लगी आग में तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक करीब लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
खुर्शीद अहमद ने बताया कि दोपहर 12 बजे सभी मजदूर लंच के लिए बाहर गए थे। करीब 12:30 बजे बेटे परवेज ने फोन कर फैक्ट्री से धुआं निकलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो अंदर लपटें उठ रही थीं।
शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ और लेखपाल छत्रपाल राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सही कारणों की जांच की जा रही है।
| पाठक संख्या |
Visits
