बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने गंज नहर पुलिया के पास बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सुपर स्प्लेंडर बाइक, सैमसंग मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक और 315 बोर का एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया।
बुजुर्ग को तमंचा दिखाकर की थी लूट
पुलिस के अनुसार, ग्राम सबदलपुर (थाना हीमपुर दीपा) निवासी कय्यूम ने 5 अक्टूबर को तहरीर देकर बताया था कि 3 अक्टूबर को गंज नहर पुलिया के पास अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे सुपर स्प्लेंडर बाइक (यूपी 20 एपी 3497), सैमसंग मोबाइल और 600 रुपये नकद लूट लिए थे। पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और सर्विलांस से हुआ भंडाफोड़: एसपी
एसपी बिजनौर कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस व सर्विलांस टीमों को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज, लोकेशन और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) के गहन विश्लेषण से पुलिस को अहम सुराग मिले। बदमाश किसी वारदात में बेहोश करने के लिए शहर में क्लोरोफॉर्म खरीदने का प्रयास कर रहे थे, तभी सर्विलांस इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
ये 3 अभियुक्त हुए गिरफ्तार:
दीपक उर्फ छोटू पुत्र तेजपाल सिंह (निवासी सुजातपुर खादर, थाना चांदपुर)
नितिन कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह (निवासी महमुदा खादर, थाना हीमपुर दीपा)
दीपक उर्फ दीपू पुत्र किरनपाल (निवासी सुजातपुर खादर, थाना चांदपुर)
उत्तराखंड में बैंक लूटने की थी बड़ी साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। मुख्य आरोपी दीपक उर्फ छोटू ने बताया कि वह इंस्टाग्राम के जरिए किसी व्यक्ति के संपर्क में आया था, जिसने सुल्तानपुर (उत्तराखंड) स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में बड़ी लूट (डकैती) की योजना बनाई थी। उसी वारदात को अंजाम देने और भागने के लिए बदमाशों ने बुजुर्ग से बाइक लूटी थी। योजना के अनुसार लूटी गई बाइक लेकर वे सुल्तानपुर रवाना होने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
मुकदमे में बरामदगी व साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2), 61(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई है। तीनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है।
| पाठक संख्या |
Visits
