शेरकोट । एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसपी बिजनौर के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि शहजादपुर निवासी वसीम पुत्र इरफान से उसकी करीब चार साल से जान-पहचान है। आरोपी उसकी रिश्तेदारी में भी आता है। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने उसे जबरन गर्भपात की दवा भी खिलाई। युवती ने तहरीर में बताया कि आरोपी उसे होटल और रिश्तेदारी में बुलाकर कई बार दुष्कर्म करता रहा। 13 अगस्त 2026 को भी धामपुर के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
युवती ने बताया कि मामले की जानकारी परिजनों को देने के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने पहले शादी कराने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में बात टालने लगा। इसके बाद आरोपी गांव छोड़कर चला गया। पीड़िता ने आरोपी के देश से बाहर भागने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
| पाठक संख्या |
Visits
