बिजनौर । ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जनपद भर में बड़ी कार्रवाई करते हुए धार्मिक स्थलों से 2509 लाउडस्पीकर हटाए हैं। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मस्जिदों से 1323, मंदिरों से 1116 और गुरुद्वारों से 70 लाउडस्पीकर हटाए गए। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने के लिए धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की। Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 के तहत आवासीय क्षेत्रों में दिन के समय 55 और रात में 45 डेसीबल, जबकि वाणिज्यिक क्षेत्रों में दिन में 65 और रात में 55 डेसीबल तक ध्वनि सीमा निर्धारित है। बिजनौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धार्मिक स्थलों व अन्य आयोजनों में ध्वनि की आवाज निर्धारित सीमा में रखें। तेज आवाज से परेशानी होने पर लोग नजदीकी थाने, यूपी-112 अथवा पुलिस अधीक्षक बिजनौर के सीयूजी नंबर 9454400254 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
| पाठक संख्या |
Characters Total