शेरकोट । विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट वीजा दिलाने का झांसा देकर 1.40 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में देहरादून निवासी गुलनार पुत्र बाबू ने बताया कि वर्ष 2024 में उसका बेटा बेरोजगार था। इसी दौरान उसकी मुलाकात शेरकोट निवासी दिलशाद से हुई। आरोप है कि दिलशाद ने उसके बेटे को थाईलैंड अथवा किसी अन्य देश में वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने करीब 1.40 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से ले लिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद दिलशाद कुछ दिनों तक यह कहता रहा कि अगले महीने वीजा आ जाएगा। एक बार उसके बेटे को दिल्ली में मेडिकल के लिए भी बुलाया गया, लेकिन इसके बाद न तो वर्क परमिट मिला और न ही वीजा। पीड़ित के अनुसार रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बिजनौर से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
| पाठक संख्या |
Characters Total
