किरतपुर । नगर मे सोमवार को किरतपुर नजीबाबाद नेशनल पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के सामने दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रामा फीलिंग स्टेशन के पास हुई इस वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहाँ वह पुलिस कस्टडी (हिरासत) में है।
कार पर चली गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक और दो पैदल युवक मौके पर पहुंचे थे। इसी बीच अचानक बुलेट सवार युवक के एक युवक पर गोली चलादी जिसमे वह घायल हो गया ओर कुछ गोली के चर्रे गाड़ी जिसका नंबर यूपी 20 ए टी 9307 पर लगे।दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज से हाईवे पर हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर बुलेट मोटरसाइकिल और कार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बाजार में गर्म हैं।
शहपुरा रतन का रहने वाला है घायल युवक
इस वारदात में घायल हुए युवक की पहचान केशव (पुत्र राजेंद्र सिंह) के रूप में हुई है, जो शहपुरा रतन का निवासी है। पुलिस ने घायल केशव को तुरंत हिरासत में लिया और उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ और वारदात की वजह साफ करने के लिए पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के दावों की पोल खोल कर रख दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी बैंक जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हमेशा पुलिस की मुस्तैदी होनी चाहिए। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात से साफ है कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। व्यापारियों और आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
| पाठक संख्या |
Free Counter
