जनपद बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायपुर गढ़ी (चमारान गढ़ी) के पास मंगलवार सुबह भारतीय सेना (Indian Army) के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी आने के कारण खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। अचानक खुले खेत में हेलीकॉप्टर उतरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पायलट ने तकनीकी समस्या को दुरुस्त किया, जिसके करीब 20 मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने सुरक्षित उड़ान भरी।
आसमान में चक्कर काट रहे थे सेना के दो हेलीकॉप्टर
प्रत्यक्षदर्शियों एवं ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह आसमान में भारतीय सेना के दो हेलीकॉप्टर उड़ान भरते हुए दिखाई दिए। इसी दौरान एक हेलीकॉप्टर में अचानक कुछ तकनीकी समस्या (मोबिल ऑयल लीकेज संबंधी) महसूस हुई। पायलट ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए रायपुर गढ़ी गांव के पास खुले खेत में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग करा दी।
पायलट ने स्वयं दुरुस्त की तकनीकी खामी
हेलीकॉप्टर के खेत में उतरने के बाद पायलट ने नीचे उतरकर जांच की और आई तकनीकी खराबी को खुद ही दुरुस्त किया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सेना का दूसरा हेलीकॉप्टर सुरक्षा व निगरानी के उद्देश्य से ऊपर आसमान में ही लगातार चक्कर काटता रहा।
20 मिनट बाद भरी सुरक्षित उड़ान
खामी दूर करने के बाद, करीब 20 मिनट के भीतर हेलीकॉप्टर ने दोबारा सुरक्षित उड़ान भरी और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर देखा तो वहां खेत में काफी मात्रा में मोबिल ऑयल बिखरा हुआ मिला।
अचानक खेत में विशालकाय हेलीकॉप्टर उतरने का दृश्य देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए थे और लोगों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया। घटना में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित रहे।
| पाठक संख्या |
PageHits
