किरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हादीपुर सफरुद्दीन में सोमवार देर शाम उस समय दहशत फैल गई जब एक गुलदार ने एक छुट्टा गौवंश पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए जेसीबी व मजदूरों की सहायता से मृत गौवंश को खेत में गड्ढा खोदकर दफन कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाने की अपील की।
| पाठक संख्या |
PageHits
