एटीएम फ्रॉड का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, एटीएम में उपकरण लगाकर करते थे ठगी, छह मोबाइल, दो कारों के नंबर प्लेट और नकदी समेत सामान बरामद - NEWS NETWORK INDIA

Breaking

डिजिटल मीडीया जगत मे तेजी से प्रचारित हो रहे न्यूज नेटवर्क इंडिया (हिन्दी न्यूज बेव पोर्टल) के लिये जिला बिजनौर की सभी तहसीलो व नगरो से स्थानीय संवाददाताओ की आवश्यकता है। संपर्क करे - 8532889720, 9837912410

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

एटीएम फ्रॉड का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, एटीएम में उपकरण लगाकर करते थे ठगी, छह मोबाइल, दो कारों के नंबर प्लेट और नकदी समेत सामान बरामद

News network india


नजीबाबाद । पुलिस ने एटीएम से रुपये निकालने के दौरान धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, दो कारों के नंबर प्लेट, एटीएम कार्ड, एटीएम मशीन पर चिपकाने वाले उपकरण, एक कैप, एक थैला और 6400 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम में उपकरण लगाकर लोगों के रुपये निकालने की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को नजीबाबाद थाने में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पहले मामले में वादी वसीम पुत्र निजामुद्दीन निवासी ग्राम मसूरी गुलामपुर, थाना नगीना देहात ने शिकायत की थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके एटीएम से बिना जानकारी के पांच हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, दूसरे मामले में नवीन कुमार निवासी ग्राम इब्राहीमपुर, थाना नजीबाबाद ने एटीएम से दस हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों की पहचान आरिफ पुत्र ताहिर निवासी ग्राम फूलसंदा तथा शकील पुत्र खैराती निवासी मोहल्ला छापीग्राम, थाना नहटौर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया।

ऐसे करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम मशीन पर उपकरण लगाकर बाहर आ जाते थे। जब ग्राहक रुपये निकालने पहुंचता तो मशीन में लगाए गए उपकरणों के कारण उसे परेशानी होती थी। इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों की मदद से धोखाधड़ी कर रुपये निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिजनौर के अलावा आसपास के जनपदों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आरिफ के खिलाफ नजीबाबाद, खोड़ा और इंदिरापुरम क्षेत्रों में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शकील के खिलाफ भी नजीबाबाद थाने में एटीएम धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

Word Counter Free
पाठक संख्या



Free Counter