थाना स्योहारा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्य फव्वारा चौक पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 12वीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने घर लौट रही थी, तभी अनियंत्रित बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से बाइक समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और फरार बाइक सवार की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
ट्यूशन पढ़कर पैदल लौट रही थी घर, फव्वारा चौक पर हुआ हादसा
प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम पित्तथापुर निवासी अनिल कुमार की पुत्री भावना (12वीं कक्षा की छात्रा) स्योहारा कस्बे से ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने घर वापस जा रही थी। जैसे ही वह नगर के व्यस्त फव्वारा चौक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए छात्रा को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भावना उछलकर सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, मौके पर उमड़ी भारी भीड़
दिनदहाड़े मुख्य चौक पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे की खबर मिलते ही छात्रा के परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। होनहार बेटी की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर शव का पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी स्योहारा ने बताया कि फव्वारा चौक पर बाइक की टक्कर से ग्राम पित्तथापुर निवासी छात्रा भावना की मौत हुई है। टक्कर मारने के बाद फरार हुए अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन व आरोपी चालक को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
| पाठक संख्या |
Characters Total
