बिजनौर। कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए स्टार्टर, कॉपर कॉयल, बिजली के तार, कृषि उपकरण और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नलकूपों और एक दुकान से सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को स्वाहेड़ी बुजुर्ग गांव के जंगल में स्थित नलकूप से सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। वहीं, 23 सितंबर को नूरपुर रोड स्थित इंडियन ढाबे के सामने एक दुकान से इन्वर्टर बैटरी, जनरेटर का अल्टरनेटर और ड्रिल मशीन चोरी होने का मामला दर्ज कराया गया था। इसके अलावा, 10 अक्टूबर को कस्बा नहटौर क्षेत्र के निवासी राधेश्याम के नलकूप से केबल कटर, स्टार्टर, कल्टीवेटर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
तीनों मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस ने तारिक उर्फ फैज पुत्र फाजिल निवासी सरधनी बागर, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में तीन स्टार्टर, चार कॉपर कॉयल, जनरेटर का आर्मेचर और हैंडल, स्टार्टर कवर व अन्य पुर्जे, करीब 60 मीटर केबल के तार, लगभग 300 ग्राम कॉपर के तार, दो कछुआ हल, कल्टीवेटर के सात कटे टुकड़े, खुरपी, दरांती, लोहे के पाइप और कृषि उपकरणों के अन्य हिस्से शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने कुछ चोरी का सामान बरामद होने तथा शेष सामान एक अज्ञात राहगीर को बेचने की बात बताई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कोतवाली शहर में पहले से भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं ।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कलेक्टर सिंह, संजीव कुमार, रोहित कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
| पाठक संख्या |
Characters Total
