बिजनौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध पटाखों से भरी एक एम्बुलेंस पकड़ी ,साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम बिजनौर पुलिस मंडावर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक एम्बुलेंस में अवैध रूप से पटाखे भरकर ले जाए जा रहे हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी तेजी से निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरियर लगाकर उसे रोक लिया तथा एम्बुलेंस की तलाशी ली गई, तो उसमें चार लोग बैठे मिले और अंदर गत्ते की 9 पेटियों में रॉकेट, अनार, फुलझड़ी, सुतली बम समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले ।
बरामदगी और आरोपियों का विवरण
कुल वजन: पुलिस द्वारा बरामद अवैध पटाखों का कुल वजन लगभग 105 किलो था ।
दस्तावेजों की कमी: पटाखों को खरीदने या ले जाने से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट आरोपी नहीं दिखा सके। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने ये पटाखे बिजनौर के जलालाबाद स्थित 'फायर क्रैकर्स' नामक दुकान से खरीदे थे और इन्हें अपने गांव (मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर क्षेत्र) ले जाकर बेचने जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी: पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान सचिन कुमार (पुत्र सतीश कुमार), अशोक कुमार (पुत्र ईश्वर सिंह), अभिषेक (पुत्र सुरेश कुमार) और सनी उर्फ वंश (पुत्र धर्मवीर) के रूप में हुई है, जो सभी मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
फिलहाल, पुलिस ने एम्बुलेंस और बरामद पटाखों को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
| पाठक संख्या |
PageHits
