बिजनौर । पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) द्वारा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड को जनपद बिजनौर के शहरी क्षेत्रों में सिटी गैस वितरण नेटवर्क के निर्माण एवं संचालन के लिए अधिकृत किया गया है। इसके अंतर्गत नगर पालिका परिषद बिजनौर के विभिन्न मोहल्लों एवं आवासीय क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर के राधे कृष्ण कुंज, कृष्णापुरम, शांति निकेतन, प्रेम नगर, आदर्शनगर, राणा एन्क्लेव, श्याम विहार, मयूर विहार, दयानंद कॉलोनी, आनंद विहार, शांतिपुरम, दयाल कुंज, प्रगति विहार, चंद्रलोक कॉलोनी, साईं सिटी, हयात नगर, चामुंडा कॉलोनी, इंद्रलोक सिटी, अशोक विहार, सरोजनी नगर, शिवलोकन सिटी, आदमपुर, भारत विहार, महादेव पुरम, नेहरू पुरम, साईं विहार, वैष्णो विहार, आवास विकास कॉलोनी, सुरेंद्र नगर एवं रामबाग सहित अन्य क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन के पंजीकरण तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए वीएसएम गैस एजेंसी, निकट नुमाइश ग्राउंड, बिजनौर के पास पीएनजी पंजीकरण कैंप स्थापित किया गया है। जिन मोहल्लों एवं वार्डों में पीएनजी की व्यवस्था पूरी की जा चुकी है, वहां के निवासियों से अपील की गई है कि वे उक्त कैंप पर पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं तथा पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के 24 मार्च 2026 के आदेश में प्रावधान किया गया है कि यदि किसी आवासीय क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की पाइपलाइन पहले से बिछाई जा चुकी है अथवा वह क्षेत्र किसी साझा पाइप नेटवर्क से जुड़ी आपूर्ति व्यवस्था के अंतर्गत आता है, तो अधिकृत इकाई द्वारा जारी संदेश की तिथि से तीन माह बाद संबंधित पते पर एलपीजी आपूर्ति बंद की जा सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ क्षेत्रों में पीएनजी लाइन उपलब्ध न होने के कारण एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक होने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे उपभोक्ता, जिनके क्षेत्र में पीएनजी लाइन नहीं है और उनका एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हो गया है, वे भी पीएनजी पंजीकरण कैंप पर संपर्क कर अपने पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू करा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भविष्य में एलपीजी आपूर्ति बंद होने से उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं से बचने के लिए समय रहते पीएनजी पंजीकरण कराएं तथा संबंधित कैंप के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
| पाठक संख्या |
Characters Total
